Ranchi : उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) के प्रत्याशीबी. सुदर्शन रेड्डी शनिवार को रांची पहुंचे। उनके आगमन पर मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय परिसर में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने उनका अभिवादन करते हुए गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस मौके पर माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंगा दिखाई दिया। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि इंडिया गठबंधन केवल एक राजनीतिक विकल्प नहीं बल्कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने और संविधान की मर्यादा को बनाए रखने का मजबूत संकल्प है। उन्होंने विश्वास जताया कि बी. सुदर्शन रेड्डी का प्रत्याशी बनना लोकतंत्र को मजबूती देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
वहीं, उपराष्ट्रपति पद के प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी ने रांची में अपने संबोधन के दौरान कहा कि यह चुनाव केवल किसी पद तक पहुंचने की लड़ाई नहीं बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता की आवाज़ को मजबूत करने का संघर्ष है। उन्होंने झारखंड की जनता और गठबंधन के नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस समर्थन से उन्हें और मजबूती मिलेगी।
रांची दौरे को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है। माना जा रहा है कि रेड्डी का यह दौरा उपराष्ट्रपति चुनाव में इंडिया गठबंधन की रणनीति और एकजुटता का स्पष्ट संकेत है।