Chaibasa News: सिंहभूम जिले की खेल प्रतिभाओं के भविष्य को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। जिले के विभिन्न फुटबॉल क्लबों के सचिवों, पूर्व राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के एक बड़े प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड सरकार के खेल मंत्री से मुलाकात कर सिंहभूम स्पोर्ट्स एसोसिएशन (SSA), चाईबासा से जुड़ी गंभीर अनियमितताओं को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

खिलाड़ियों का भविष्य अंधकारमय! SSA की अनियमितताओं को लेकर खेल मंत्री से शिकायत

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि पिछले 17 वर्षों से एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा और चुनाव नहीं कराए गए हैं, जिसके कारण कुछ चुनिंदा लोगों ने लंबे समय से संस्था पर कब्जा जमा रखा है।

बिना लीग कराए भेजी टीम, स्टेडियम में अवैध निर्माण के आरोप

ज्ञापन में सबसे गंभीर आरोप यह लगाया गया कि एसोसिएशन द्वारा वित्तीय अनियमितताएं की गई हैं और टूर्नामेंट केवल औपचारिकता बनकर रह गए हैं। एसोसिएशन ने जिला टीम के गठन के लिए लीग टूर्नामेंट कराना अनिवार्य होने के बावजूद, उसे पूरा कराए बिना ही टीम को सरायकेला में आयोजित अंतर जिला टूर्नामेंट में भेज दिया। इसका परिणाम यह हुआ कि पश्चिम सिंहभूम की टीम को वहाँ करारी हार का सामना करना पड़ा।

प्रतिनिधिमंडल ने स्टेडियम परिसर में दुकानों के अवैध निर्माण कर उन्हें मनमाने ढंग से आवंटित करने, मनमाना खर्च करने और कई वर्षों से ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि इन अनियमितताओं के कारण जिले की खेल प्रतिभाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। खेल मंत्री से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर एसोसिएशन के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है ताकि जिले के खिलाड़ियों का भविष्य सुरक्षित हो सके।

Share.
Exit mobile version