Chaibasa news: पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित आनंदपुर प्रखंड के चारबंदिया स्थित संत जोसेफ स्कूल में समेकित जन विकास केंद्र के तत्वावधान में एक दिवसीय अभिभावक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक जगत माझी शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान अभिभावकों को बच्चों के अधिकारों और मानव तस्करी जैसी गंभीर समस्या के प्रति जागरूक किया गया।
बाल संरक्षण इकाई के डॉ. कृष्णा तिवारी ने अभिभावकों को बाल अधिकारों की जानकारी देते हुए कहा कि जागरूकता के अभाव में बच्चे शोषण का शिकार हो जाते हैं।
विधायक जगत माझी ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल बच्चों को स्कूल भेजना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा पर भी ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी क्षेत्र के लिए एक गंभीर समस्या है और इससे निपटने में अभिभावकों की सतर्कता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यदि कोई व्यक्ति बच्चों को प्रलोभन देकर बाहर ले जाने की कोशिश करे तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है और समेकित जन विकास केंद्र जैसी संस्थाएं समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही हैं।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों की पढ़ाई बीच में न छोड़ें, क्योंकि शिक्षा ही गरीबी और शोषण के खिलाफ सबसे बड़ा साधन है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर फादर वीरेंद्र टेटे, फादर जेम्स सुरीन, डॉ. कृष्णा तिवारी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सिल्बीरयुस तिर्की, संजीव गंताइत, राजू सिंह सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और बच्चे उपस्थित रहे।
Share.
Exit mobile version