Ranchi : जिला स्कूल मैदान स्थित दुर्गा पूजा पंडाल इस बार आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां पंडाल को गुजरात के भुज स्थित श्री स्वामीनारायण मंदिर के अद्भुत प्रारूप में सजाया गया है। रविवार को इस विशेष पंडाल का अवलोकन करने के लिए भुज से स्वामीनारायण मंदिर के सात संतों की टोली रांची पहुंची।
संतों की इस टीम में स्वामी संत जीवन दास, नयल करण दास, वर्जाजीवन दास, धर्मा वत्सल दास, भक्ति वल्लभ दास और भगवान दास शामिल थे। समिति के अध्यक्ष अशोक चौधरी और प्रवक्ता प्रमोद सारस्वत ने उन्हें पंडाल की कलाकृतियों का अवलोकन कराया। गर्भगृह में पहुंचकर सभी संतों ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
संतों ने पंडाल की भव्यता की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रारूप भुज के सफेद संगमरमर से बने स्वामीनारायण मंदिर की झलक प्रस्तुत करता है। उन्होंने बताया कि जैसे ही भुज में इस पंडाल के बारे में जानकारी मिली, महंत स्वामी धर्म नंदन दास ने विशेष आदेश दिया कि संतों की टोली रांची पहुंचकर इसे देखे।
समिति की ओर से स्वामी संतों को अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्होंने भुज मंदिर से लाया गया प्रसाद भी वितरित किया। दिनभर पंडाल और मेला परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ती रही।



