अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतका की पहचान 21 वर्षीय सजबीन परवीन के रूप में हुई है, जिसका शव उसके ससुराल स्थित रमजान कॉलोनी के एक कमरे में संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सजबीन के मायके पक्ष के लोग मंगलवार दोपहर रांची पहुंचे और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का गंभीर आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही सजबीन को लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी। आरोप है कि ससुराल वाले बार-बार मायके से संपत्ति या हिस्से की मांग कर रहे थे और मांग पूरी नहीं होने पर उसे प्रताड़ित किया जाता था।
मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। स्थिति बिगड़ने पर लोअर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की जांच दहेज हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत की जा रही है।

