अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News : भारी बारिश की संभावना को देखते हुए उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने रांची जिले के सभी स्कूलों को 19 जून 2025 को बंद रखने का आदेश जारी किया है। यह आदेश सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और निजी विद्यालयों में कक्षा KG से 12वीं तक के छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी पर निर्णय
भारत मौसम विज्ञान विभाग के विशेष बुलेटिन के अनुसार, 19 जून 2025 को झारखंड के रांची जिले में भारी बारिश की संभावना है। रांची को “रेड जोन” की श्रेणी में चिन्हित किया गया है। इस चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सभी प्रकार के स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया है ताकि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
आदेश का अनुपालन अनिवार्य
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि इस आदेश का पालन न करने वाले विद्यालय/संस्थान के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिले के सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों, अवर विद्यालय निरीक्षकों, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारियों, प्रधानाध्यापकों और सभी संबंधित विद्यालय प्रभारियों को इस आदेश का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है।
छात्रों की सुरक्षा प्राथमिकता
भारी बारिश के दौरान जलभराव और अन्य संभावित खतरों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने यह कदम उठाया है। उपायुक्त ने कहा कि छात्रों और उनके परिवारों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है, और ऐसे समय में सतर्कता बरतना आवश्यक है।

