Chhapra (Bihar): बिहार में अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सारण जिले के नगर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहाँ अपराधियों ने एक युवा इंजीनियर की गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे कचहरी रेलवे कॉलोनी इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शक्तिनगर मोहल्ला निवासी विकास कुमार तिवारी के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, विकास कुमार तिवारी मंगलवार को किसी काम से पटना गए थे। देर रात जब वे पटना से वापस लौटकर अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी कचहरी रेलवे कॉलोनी के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। अपराधियों ने बेहद नजदीक से विकास पर गोलियां बरसाईं, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। अंधेरे का फायदा उठाकर हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

इस खबर को भी पढ़ें : नवादा में सनसनी: युवक की गोली मारकर ह’त्या, सड़क पर शव रख भारी बवाल

नगर थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि एक नाला निर्माण को लेकर विकास का कुछ लोगों के साथ विवाद चल रहा था। इसी आपसी रंजिश में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और एक नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए सारण पुलिस ने एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके। विकास तिवारी एक निजी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। इस होनहार युवा की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और स्थानीय लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Share.
Exit mobile version