Siwan: बिहार के सीवान जिले में बुधवार की शाम ‘रोड रेज’ की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास कार सटने के मामूली विवाद में हमलावरों ने पिता-पुत्र को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस खूनी संघर्ष में भाजपा नेता व पूर्व एमएलसी मनोज कुमार सिंह के भांजे हर्ष कुमार सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर रहे थे, तभी हुई टक्कर
जानकारी के अनुसार, चंदन सिंह अपने पुत्र हर्ष के साथ एक तिलक समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। वे सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर अपने अन्य परिजनों का इंतजार कर रहे थे, तभी उनकी कार दूसरी गाड़ी से हल्की टकरा गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। हमलावरों ने अचानक हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।
पिता PMCH पटना रेफर, पुलिस की छापेमारी तेज
इस हमले में हर्ष के पिता चंदन सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए PMCH पटना रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी पूर्ण कुमार झा और एसडीपीओ अजय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी शुरू कर दी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
Read more: Bihar News: नवजात शिशु खरीद-फरोख्त गिरोह का पर्दाफाश… जानें



