Ranchi News : राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह सनसनी फैल गई, जब रेलवे क्रॉसिंग के पास श्री साईं बस के खलासी का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान हदीस अंसारी के रूप में की गई है, जो पलामू जिले के तरहसी का रहने वाला था।

जानकारी के अनुसार, हदीस अंसारी बीती रात नामकुम बस स्टैंड में अपनी बस में ही सो रहा था। लेकिन सुबह स्थानीय लोगों ने रेलवे क्रॉसिंग के पास उसका शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में किसी तरह के स्पष्ट सबूत नहीं मिले हैं, इसलिए मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

घटना के बाद पुलिस ने श्री साईं बस के चालक और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही बस स्टैंड और रेलवे क्रॉसिंग के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है, ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके।

हदीस अंसारी के परिजनों को इस घटना की जानकारी दे दी गई है। परिजन भी पलामू से रांची पहुंच रहे हैं। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हदीस मेहनती और शांत स्वभाव का व्यक्ति था। उसकी अचानक हुई मौत से इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से मामले की पूरी तरह से जांच कर दोषियों को सजा दिलाने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है – चाहे वह हादसा हो, आत्महत्या या फिर कोई आपराधिक साजिश। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।

Share.
Exit mobile version