कैलिफोर्निया, (अमेरिका) | एजेंसी

सात समंदर पार अमेरिका की धरती पर भारतीय गैंगस्टरों के बीच खूनी संघर्ष अब बेकाबू होता जा रहा है। एक बेहद सनसनीखेज घटनाक्रम में, रोहित गोदारा गैंग ने सोशल मीडिया के जरिए दावा किया है कि उसने कैलिफोर्निया के बेकर्सफील्ड में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर काका राणा को मौत के घाट उतार दिया है। गोदारा गैंग का कहना है कि यह हत्या महज एक शुरुआत है और इसे पिछले दिनों मारे गए भानु राणा की मौत के प्रतिशोध के रूप में अंजाम दिया गया है।

Read more: लॉरेंस बिश्नोई की बादशाहत खतरे में! 5 खूंखार दुश्मन गैंग ने मिलाया हाथ

गैंगवार का यह खूनी सिलसिला मंगलवार को तब शुरू हुआ, जब लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने फेसबुक पर एक पोस्ट डालकर गैंगस्टर भानु राणा की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। बिश्नोई गैंग ने भानु को ‘देशद्रोही’ करार देते हुए लिखा था कि देश के खिलाफ जाने वाले किसी भी शख्स को दुनिया के किसी भी कोने में बख्शा नहीं जाएगा। भानु राणा कभी लॉरेंस का करीबी हुआ करता था, लेकिन बाद में दोनों के रास्ते अलग हो गए थे। हरियाणा के करनाल का रहने वाला भानु कई संगीन मामलों में वांछित था और भारतीय एजेंसियां उसके प्रत्यर्पण की कोशिशों में जुटी थीं।

भानु की मौत के ठीक 24 घंटे बाद रोहित गोदारा गैंग ने पलटवार करते हुए काका राणा को निशाना बनाया। गोदारा गैंग ने अपने पोस्ट में न केवल हत्या की बात कबूली, बल्कि लॉरेंस बिश्नोई पर ‘गद्दार’ और ‘मुखबिर’ होने के गंभीर आरोप भी लगाए। पोस्ट में दावा किया गया है कि काका राणा के शव को दफन कर दिया गया है और भविष्य में लॉरेंस बिश्नोई को भी इसी तरह के अंजाम की चेतावनी दी गई है।

विदेशी धरती पर भारतीय अपराधियों के बीच हो रही इन वारदातों ने अमेरिकी पुलिस और भारतीय खुफिया एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल इन सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की बारीकी से जांच की जा रही है। इन घटनाओं ने साफ कर दिया है कि भारतीय मूल के अपराधी अब विदेशों में भी सुरक्षित नहीं हैं और आपसी दुश्मनी का बदला लेने के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को भी लांघ रहे हैं।

Read more: गैंगस्टर राहुल सिंह ने जारी किया ‘प्रेस रिलीज’, मसौढ़ी एनकाउंटर और लॉरेंस बिश्नोई पर कही ये बात

Share.
Exit mobile version