Ranchi News : शहर के छोटा तालाब में रविवार देर शाम एक युवक के डूबने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में तालाब किनारे जुट गए और युवक की तलाश में जुट गए। स्थानीय लोगों ने कई घंटों तक अपनी ओर से खोजबीन की, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल पाया।
लगातार प्रयास विफल रहने पर लोगों में गुस्सा और बेचैनी बढ़ने लगी। भीड़ ने प्रशासन से तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की मांग की। हालात को देखते हुए मौके पर मौजूद लोगों ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) को बुलाने की अपील की, ताकि आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षित गोताखोरों की मदद से युवक को ढूंढा जा सके।
दूसरी ओर, छोटा तालाब में तलाश जारी रहने के बीच घटना से आक्रोशित लोगों ने बड़ा तालाब के पास सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस मौके पर डटी हुई है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है। घटना ने लोगों को झकझोर दिया है और तालाबों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



