अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News : जिले में चल रही एनएचएआई (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) की विभिन्न परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा भुगतान की प्रगति को लेकर 14 जून 2025 को उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक समाहरणालय स्थित सभागार में संपन्न हुई।
बैठक में डीआईजी-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक रांची चंदन सिन्हा, अपर समाहर्त्ता रामनारायण सिंह, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, उप समाहर्त्ता भूमि सुधार मुकेश कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी के.के. राजहंस, अंचल अधिकारी नामकुम कमल किशोर, अंचल अधिकारी ओरमांझी उज्ज्वल सोरेन, जुडको एवं एनएचएआई के पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि भूमि अधिग्रहण एक संवेदनशील कार्य है, इसलिए इसमें पारदर्शिता एवं त्वरित कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने गोला-ओरमांझी परियोजना की समीक्षा करते हुए संतोष व्यक्त किया कि इस परियोजना से संबंधित सभी रैयतों को मुआवजा भुगतान किया जा चुका है।
हालांकि, अन्य परियोजनाओं में जहां मुआवजा का भुगतान शेष है, वहां उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि रैयतों को यथाशीघ्र भुगतान सुनिश्चित करें ताकि परियोजना समय पर पूरी हो सके। उन्होंने अंचल अधिकारियों से भी अधिग्रहित भूमि का म्यूटेशन कार्य शीघ्रता से निष्पादित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त श्री भजन्त्री ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक समन्वय और ग्रामीणों से संवाद बनाकर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को सहज और विवादरहित बनाया जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को मिल-जुलकर कार्य करने और रैयतों के हितों की रक्षा करते हुए सरकार की योजनाओं को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने की बात कही।
इस बैठक के माध्यम से यह सुनिश्चित किया गया कि भू-अर्जन से संबंधित सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पूर्ण हों ताकि विकास परियोजनाओं में कोई बाधा न आए।

