चैनपुर: प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा और उप प्रमुख प्रमोद खलखो की अध्यक्षता में चैनपुर प्रखंड सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रखंड में चल रही विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा करना और उनके कार्यान्वयन में तेज़ी लाना था।बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन सहित पशुपालन विभाग और अन्य सरकारी विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। बीडीओ ने सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को काम में गति लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बीडीओ यादव बैठा ने बताया कि जल्द ही प्रखंड में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक लोगों को इस नेक काम के लिए प्रेरित करें। उन्होंने लोगों से 18/09/25 को प्रखंड कौशल विकास भवन में आकर रक्तदान करने की अपील की, और उन्हें “रक्तदान जीवनदान है” का संदेश दिया।इसके अलावा, अबुआ आवास और जनमन जैसी योजनाओं के तहत आवास निर्माण कार्यों को लाभुकों से मिलकर जल्द से जल्द पूरा करने को कहा गया। बीपीओ कांति कुमारी ने बताया कि मनरेगा के तहत आम बागवानी के लिए खोदे गए गड्ढों में रोजगार सेवकों को खाद बांटने का निर्देश दिया गया है, ताकि बागवानी का काम समय पर पूरा हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लाभुकों को सूची में नाम होने के बावजूद अभी तक लाभ नहीं मिला है, वे प्रखंड कार्यालय आकर सूचित करें ताकि उनका नाम जोड़ा जा सके।उन्होंने रोजगार सेवकों से यह भी आग्रह किया कि वे पलायन कर रहे लोगों को मनरेगा जैसी योजनाओं से जोड़ें, ताकि उन्हें अपने गांव-घर में ही रोजगार मिल सके।इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा, बीपीओ कांति कुमारी, बीपीआरओ राममोहन साहू, रोजगार सेवक, पंचायत सेवक, पशु चिकित्सा अधिकारी, आवास कोऑर्डिनेटर, बीटीएम, एटीएम, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मी, सभी मुखिया और जनप्रतिनिधि समेत कई लोग मौजूद थे।



