Ranchi : राजधानी रांची के लोगों के लिए जल्द ही राहत की खबर आने वाली है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रांची शहर में तीन नए फ्लाईओवर निर्माण परियोजनाओं की कार्य योजना की समीक्षा की और अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय कांके रोड में आयोजित इस समीक्षा बैठक में पथ निर्माण विभाग के वरीय अधिकारियों ने फ्लाईओवर निर्माण से जुड़ा विस्तृत प्रेजेंटेशन पेश किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची की बढ़ती आबादी और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए ये फ्लाईओवर भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाए जाने चाहिए, ताकि शहरवासियों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।

हरमू फ्लाईओवर परियोजना

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरमू (सहजानंद चौक) से एसीबी कार्यालय तक बनने वाला फ्लाईओवर ट्रैफिक जाम की बड़ी समस्या का समाधान करेगा। यह फ्लाईओवर रातू रोड फ्लाईओवर से भी जोड़ा जाएगा, जिससे लोगों को और ज्यादा सुविधा होगी। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।

अरगोड़ा चौक–कटहल मोड़ फ्लाईओवर

बैठक में मुख्यमंत्री ने अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ तक फ्लाईओवर निर्माण हेतु विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अरगोड़ा चौक पर गोलचक्कर (रोटरी) का निर्माण किया जाए, ताकि सभी जुड़ी हुई सड़कों पर जाम की समस्या कम हो और वाहनों की आवाजाही सुगम हो सके।

करम टोली चौक–साइंस सिटी फ्लाईओवर

इसके अलावा करम टोली चौक से साइंस सिटी तक चार लेन का एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाने की योजना पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने इस फ्लाईओवर को रांची के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया और अधिकारियों से जल्द डीपीआर तैयार करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन तीनों फ्लाईओवरों के साथ-साथ डॉक्टर्स कॉलोनी से हिल व्यू बरियातू रोड तक नई सड़क निर्माण योजना पर भी काम होना चाहिए, ताकि शहर के ट्रैफिक सिस्टम को और बेहतर बनाया जा सके।

बैठक में पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख प्रवीण भेंगरा, मुख्य अभियंता विजय रंजन और कंसल्टेंट कंपनी स्पर्श इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के सुधीर कुमार समेत कई वरीय पदाधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को पूरी तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाया जाए। इन फ्लाईओवरों के बनने से रांची शहरवासियों को यातायात संबंधी समस्याओं से बड़ी राहत मिलेगी।

Share.
Exit mobile version