Ranchi News : राजधानी रांची की ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए रांची पुलिस ने एक अहम कदम उठाया है। डीआईजी सह एसएसपी चंदन सिन्हा के निर्देश पर सोमवार देर रात हेल्पलाइन नंबर 8987790601 जारी किया गया है। यह नंबर आम जनता के लिए है, जिस पर वे ट्रैफिक जाम की सूचना देने के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए सुझाव भी दे सकते हैं।
रांची पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस नंबर पर कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से आने वाली हर सूचना का संज्ञान लिया जाएगा। जहां भी जाम की जानकारी मिलेगी, वहां तैनात ट्रैफिक जवान तुरंत पहुंचकर स्थिति को सामान्य बनाने की कोशिश करेंगे। इसके अलावा, यदि आम जनता की ओर से दिए गए सुझाव व्यवहारिक होंगे, तो उन्हें लागू करने पर भी विचार किया जाएगा।
डीआईजी सह एसएसपी चंदन सिन्हा ने ट्रैफिक जवानों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे ड्यूटी के दौरान शालीन और संवेदनशील व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि अगर किसी भी ट्रैफिक पुलिसकर्मी या पदाधिकारी की ओर से अभद्रता की शिकायत मिलती है, तो उसकी जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी पुलिस विधिसम्मत कार्रवाई करेगी। चाहे वह रेड लाइट जंप करना हो या ओवरस्पीडिंग, कोई भी नियम तोड़ने वाला व्यक्ति दंडित किया जाएगा। इसके अलावा अगर किसी को स्पीड ब्रेकर, अनावश्यक कट या रोड डिज़ाइन से संबंधित कोई परेशानी हो, तो वह भी इस हेल्पलाइन नंबर पर जानकारी दे सकता है।
इस पहल का उद्देश्य केवल ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करना नहीं है, बल्कि जनता और पुलिस के बीच आपसी सहयोग और संवाद को भी मजबूत करना है। रांची पुलिस का मानना है कि आम नागरिकों की भागीदारी से ही ट्रैफिक की जटिल समस्याओं का समाधान निकाला जा सकता है।
यह हेल्पलाइन सेवा दिन-रात सक्रिय रहेगी और लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस तरह की पहल से उम्मीद की जा रही है कि रांची की सड़कों पर यातायात व्यवस्था और अधिक सुचारू और सुरक्षित बन सकेगी।



