Ranchi : रांची नगर निगम ने आगामी छठ महापर्व को देखते हुए नगर क्षेत्र के सभी जलाशयों और घाटों की सफाई अभियान शुरू कर दिया है। प्रशासक के निर्देशानुसार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निगम ने विशेष तैयारी की है।
आज वार्ड संख्या 01 अंतर्गत कांके डैम घाट का सहायक प्रशासक के नेतृत्व में निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता टीम को निर्देश दिए गए कि जलाशयों से जलकुंभी हटाने हेतु वीड हार्वेस्टिंग मशीन की कार्यावधि बढ़ाई जाए और एमफीबियस एक्सकेवेटर मशीन द्वारा गाद निकालने का कार्य नियमित किया जाए। घाटों की मैनुअल सफाई के साथ फिटकरी और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जोनल सुपरवाइजर, वार्ड सुपरवाइजर एवं निगम के अन्य कर्मी उपस्थित थे। रांची नगर निगम ने यह सुनिश्चित किया है कि श्रद्धालुओं के लिए घाट साफ-सुथरे और सुरक्षित रहें और छठ महापर्व की पूजा सुचारू रूप से संपन्न हो।



