अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News : वित्तीय वर्ष 2025-26 के पहले तिमाही में रांची नगर निगम (RMC) ने संपत्ति कर (होल्डिंग टैक्स) के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। प्रशासक महोदय के कुशल नेतृत्व और योजनाबद्ध प्रयासों के चलते निगम ने राज्यभर में सबसे अधिक कर वसूली कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस दौरान कुल 81,320 करदाताओं से ₹39,33,73,879.28 की राशि का संग्रहण किया गया, जिससे रांची नगर निगम झारखंड की शीर्ष टैक्स संग्रहण करने वाली निकाय बन गई है।
करदाताओं को मिली छूट का फायदा
निगम ने करदाताओं को बढ़ावा देने के लिए इस वर्ष 30 जून 2025 तक एकमुश्त भुगतान करने पर संपत्ति कर की राशि में अधिकतम 10% की छूट प्रदान की थी। इस प्रोत्साहन योजना का लाभ लेकर हजारों नागरिकों ने समय पर कर भुगतान किया।
विभिन्न माध्यमों से हुआ कर संग्रहण
रांची नगर निगम ने कर संग्रहण के लिए नागरिकों को सुविधाजनक विकल्प प्रदान किए, जिसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिले। डिजिटल पेमेंट, डोर-टू-डोर कलेक्शन और जन सुविधा केंद्रों के माध्यम से निम्नलिखित वसूली की गई:
- डिजिटल पेमेंट: 22,945 करदाताओं ने ऑनलाइन माध्यम से कुल ₹12,52,05,767.92 का भुगतान किया।
- जन सुविधा केंद्रों से: 4,809 करदाताओं ने निगम कार्यालय और डोरंडा अंचल स्थित सुविधा केंद्रों पर ₹1,94,79,637.27 की राशि जमा की।
- डोर-टू-डोर कलेक्शन: सबसे अधिक 53,533 करदाताओं से ₹20,27,61,078 की राशि घर-घर जाकर संग्रहित की गई।
पिछले वर्षों की तुलना में बड़ी छलांग
वर्ष दर वर्ष टैक्स संग्रहण के आंकड़ों में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है:
- 2024-25: 76,527 करदाताओं से ₹32,93,39,923
- 2023-24: 72,435 करदाताओं से ₹27,04,73,281
- 2022-23: 55,181 करदाताओं से ₹21.90 करोड़
इस तरह, 2025-26 की पहली तिमाही में न सिर्फ करदाताओं की संख्या में वृद्धि हुई, बल्कि संग्रहण की कुल राशि में भी अभूतपूर्व इजाफा हुआ।
निगम ने जताया आभार
रांची नगर निगम ने सभी सम्मानित नागरिकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके समय पर टैक्स भुगतान की वजह से संभव हो सकी है। निगम का उद्देश्य इन वसूल की गई राशियों का सदुपयोग करते हुए शहर को और अधिक स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाना है।

