Ranchi News : शहर की सुंदरता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रांची नगर निगम अब अवैध रूप से लगाए गए फाइबर केबल और तारों पर सख्त कार्रवाई करने जा रहा है। इसी क्रम में 14 जून 2025 को अपर नगर प्रशासक संजय कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के प्रमुख टेलीकॉम ऑपरेटरों के प्रतिनिधि जैसे रिलायंस जियो, भारती एयरटेल, एटीसी टेलीकॉम, आईटी शाखा प्रभारी, सहायक प्रशासक निकेश कुमार सहित बाजार शाखा के कर्मी मौजूद थे।
अपर प्रशासक ने बैठक में स्पष्ट रूप से कहा कि रांची शहर के कई मार्गों पर बिजली के खंभों और पेड़ों पर अव्यवस्थित तरीके से फाइबर केबल लटकाए जा रहे हैं, जिससे न केवल शहर की छवि धूमिल हो रही है, बल्कि दुर्घटना की भी संभावना बनी रहती है। उन्होंने कहा कि अब निगम इस अव्यवस्था पर सख्त रुख अपनाएगा और नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।
निगम की ओर से एजेंसियों को दिए गए निर्देश
- जिन एजेंसियों को ओवरहेड या अंडरग्राउंड फाइबर केबल बिछाने की अनुमति दी गई है, वे उस आदेश की प्रति दो दिनों के भीतर निगम को उपलब्ध कराएं।
- जिन स्थलों पर केबल लगाने की अनुमति नहीं मिली है, वहां से संबंधित एजेंसियां तीन दिनों के भीतर अपने फाइबर केबल हटा लें।
- यदि तय समयसीमा में तार नहीं हटाए गए, तो नगर निगम खुद कार्रवाई करेगा और उस पर आने वाला खर्च संबंधित एजेंसी से वसूला जाएगा।
इस बैठक में टेलीकॉम एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने निगम के इस निर्णय का स्वागत करते हुए आश्वासन दिया कि वे पूरी तरह सहयोग करेंगे। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई अवैध तरीके से तार लगा रहा है, तो उसकी सूचना नगर निगम को दी जाएगी।
नगर निगम का यह कदम न केवल शहर की सौंदर्यता को बनाए रखने की दिशा में है, बल्कि जनसुरक्षा की दृष्टि से भी एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। आने वाले समय में यदि यह अभियान प्रभावी ढंग से लागू हुआ, तो रांची शहर अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित नजर आएगा।



