Jamshedpur News: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सोमवार को प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। इसी क्रम में पूरे धालभूम अनुमंडल क्षेत्र को रविवार शाम 6 बजे से सोमवार रात 10 बजे तक नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। कुल 28 घंटे तक प्रभावी रहने वाले इस आदेश के तहत किसी भी प्रकार के ड्रोन, हॉट एयर बैलून या अन्य उड़ने वाले उपकरणों के संचालन पर पूरी तरह रोक रहेगी।
शहर से लेकर गांव तक पहरा; एसडीएम ने जारी किए सख्त आदेश
धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) चंद्रजीत सिंह ने उपायुक्त के निर्देश पर इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार यह प्रतिबंध केवल जमशेदपुर शहर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पोटका, पटमदा और बोड़ाम प्रखंड भी इसके दायरे में होंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नो-फ्लाइंग जोन के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस खबर को भी पढ़ें : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 3 दिवसीय झारखंड दौरा; रांची हाई अलर्ट पर, सुरक्षा ब्रीफिंग पूरी
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर वायुसेना के हेलीकॉप्टर से सोनारी एयरपोर्ट पर उतरेंगी। इसके बाद वे जमशेदपुर में आयोजित दो अहम कार्यक्रमों में शामिल होंगी। पहला कार्यक्रम करनडीह स्थित दिशोम जाहेर में आयोजित ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह का होगा। इसके उपरांत राष्ट्रपति एनआईटी के दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी।
कार्यक्रमों के समापन के बाद राष्ट्रपति दोपहर 3:30 बजे के बाद उसी वायुसेना के हेलीकॉप्टर से रांची के लिए प्रस्थान करेंगी। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और नो-फ्लाइंग जोन से जुड़े सभी निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें, ताकि राष्ट्रपति के दौरे को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया जा सके।



