रांची: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 28 दिसंबर से 30 दिसंबर 2025 तक झारखंड के तीन दिवसीय दौरे पर आ रही हैं। महामहिम के इस दौरे को लेकर राजधानी रांची में प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां अपने चरम पर हैं। वह कल शाम रांची पहुंचेंगी। उनकी सुरक्षा के लिहाज से पूरे शहर को हाई अलर्ट पर रखा गया है। राष्ट्रपति की सुरक्षा में राज्य के 14 आईपीएस अधिकारी और 75 डीएसपी की तैनाती की गई है। इनके अलावा भारी संख्या में पुलिस बल, क्यूआरटी और विशेष सुरक्षा दस्ते को भी लगाया गया है।

शनिवार को रांची जोनल आईजी मनोज कौशिक, डीसी मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को सुरक्षा प्रोटोकॉल की अंतिम ब्रीफिंग दी। पूरे शहर को सुरक्षा के लिहाज से अलग-अलग जोन में बांटकर ‘हाई अलर्ट’ पर रखा गया है।

सुरक्षा का त्रि-स्तरीय घेरा; आईजी और एसएसपी ने दिए कड़े निर्देश

ब्रीफिंग के दौरान जोनल आईजी मनोज कौशिक ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थलों तक के रूट पर वायरलेस सेट के साथ जवानों को तैनात किया गया है। सड़क के प्रमुख चौराहों, कट्स और संवेदनशील इमारतों की छतों पर शार्प-शूटर और पुलिस बल मुस्तैद रहेंगे। एसएसपी राकेश रंजन ने भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन सुरक्षा प्रोटोकॉल को लेकर अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी।

नो-फ्लाई ज़ोन और ट्रैफिक प्लान; आम जनता का भी रखा गया ख्याल

राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए बिरसा मुंडा एयरपोर्ट और निर्धारित रूटों को ‘नो-फ्लाई ज़ोन’ घोषित किया गया है, जहां ड्रोन या किसी भी निजी फ्लाइंग डिवाइस उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा, “प्रशासन का प्रयास है कि महामहिम का दौरा सुचारू रूप से संपन्न हो और इस दौरान आम जनता को कम से कम असुविधा हो।” यातायात विभाग ने भी वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की है ताकि सुरक्षा व्यवस्था के कारण शहर की लाइफलाइन प्रभावित न हो।

प्रशासन की अपील: संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत दें सूचना

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करें। यदि किसी भी इलाके में कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें। राजभवन और कार्यक्रम स्थलों के आसपास की सुरक्षा को लेकर एनएसजी (NSG) और झारखंड पुलिस के विशेष दस्तों ने मोर्चा संभाल लिया है।

इस खबर को भी पढ़ें : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को लेकर गुमला में तैयारियां तेज

इस खबर को भी पढ़ें : गुमला में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम को लेकर आदिवासी समाज में उत्साह

Share.
Exit mobile version