अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
रांची: राजधानी रांची के ऐतिहासिक श्रीराम जानकी तपोवन मंदिर, निवरणपुर में इस वर्ष भी रामनवमी का पर्व बेहद हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इसी सिलसिले में शनिवार को मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों ने उपायुक्त (DC) मंजूनाथ भजंत्री से समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। ट्रस्ट के सदस्यों ने उपायुक्त को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और आगामी धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की।
बैठक के दौरान ट्रस्ट ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी श्रीराम जन्मोत्सव पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए ट्रस्ट ने जिला प्रशासन से यातायात प्रबंधन, सुरक्षा बल और अन्य प्रशासनिक सहयोग का अनुरोध किया।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने ट्रस्ट को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रामनवमी के जुलूस और मंदिर परिसर में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा हर संभव सहयोग और पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे ताकि उत्सव में कोई बाधा न आए।

