गुमला: उपायुक्त के निर्देश पर गुमला जिले में शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “बोर्ड एग्जाम विजय अभियान” के तहत व्यापक पहल की गई है। इस अभियान के अंतर्गत जिले के सभी सरकारी माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय तथा कल्याण विभाग द्वारा संचालित आवासीय विद्यालयों में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारियों का सघन अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया है।
03 फरवरी 2026 से प्रारंभ होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए जनवरी 2026 के अंत तक प्रखंडवार व विद्यालयवार वरीय पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। नामित पदाधिकारियों को अपने आवंटित विद्यालयों का साप्ताहिक भ्रमण कर ऑडियो-वीडियो माध्यम से निगरानी करने तथा परीक्षाफल में सुधार हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
निर्देशों में मॉक टेस्ट के माध्यम से कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए गुणवत्तापूर्ण रिमेडियल कक्षाओं का संचालन, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, अभिभावक-शिक्षक बैठकों का आयोजन तथा जिला शैक्षणिक कोर टीम द्वारा उपलब्ध कराए गए मॉडल प्रश्नों के आधार पर सघन तैयारी कराने पर जोर दिया गया है। 10 जनवरी 2026 को विशेष मॉक टेस्ट आयोजित कर उसके परिणाम के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
विद्यालयों के टेलीफोनिक अनुश्रवण एवं फीडबैक की जिम्मेदारी डायट, गुमला के संकाय सदस्यों को सौंपी गई है। वहीं समग्र समन्वय हेतु अपर समाहर्ता शशिन्द्र कुमार बड़ाईक और उप विकास आयुक्त दिलेश्वर महतो को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। लक्ष्य है—बोर्ड परीक्षा 2026 में शत-प्रतिशत उत्तीर्णता और जिले का बेहतर प्रदर्शन।



