अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News : रांची पुलिस ने सोमवार को खरसीदाग क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध हथियार के साथ पवन नाग नामक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक देशी पिस्टल, एक गोली, एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
डीआईजी सह एसएसपी चंदन सिन्हा ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दशमाईल चौक से चुकरू मोड़ जाने वाले रास्ते में एक व्यक्ति हथियार लेकर पल्सर बाइक से घूम रहा है और किसी अप्रिय वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने दशमाईल चौक पर निगरानी शुरू की। इस दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को बाइक से गुजरते देखा। जैसे ही उस व्यक्ति ने पुलिस बल को देखा, उसने गुन्दु की ओर भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने तत्काल उसका पीछा किया और चुकरू मोड़ के पास ग्रेस क्लिनिक के नजदीक उसे रोकने की कोशिश की। आरोपी अपनी बाइक वहीं छोड़कर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सशस्त्र पुलिस बल ने चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी की कमर से एक देशी पिस्टल और गोली बरामद हुई। साथ ही, मौके से उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए।
एसएसपी चंदन सिन्हा ने बताया कि पवन नाग की गिरफ्तारी से संभावित आपराधिक घटना टल गई। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और अवैध हथियारों के स्रोत की जांच में जुटी है। उन्होंने कहा कि शहर में अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी आपराधिक गतिविधि को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि टीम की त्वरित प्रतिक्रिया और सटीक रणनीति से यह गिरफ्तारी संभव हुई। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और जल्द ही उसके साथ जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
