Jharkhand News: जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र स्थित विदेशी शराब दुकान में गुरुवार देर रात चार हथियारबंद लुटेरों ने लगभग 5.5 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया। लूट के दौरान अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग भी की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के समय दुकान में तीन स्टाफ—आनंद भूषण, साकेत कुमार सिंह और विष्णु प्रसाद—मौजूद थे। स्टाफ आनंद भूषण के अनुसार, जब एक कर्मचारी बाथरूम से लौटकर दुकान में प्रवेश कर रहा था, तभी चारों लुटेरे दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे और जबरन दुकान में घुस गए। सबसे पहले उन्होंने सभी कर्मचारियों के मोबाइल फोन छीन लिए और मारपीट शुरू कर दी।

तीन लुटेरे कर्मचारियों को पीटते रहे, जबकि एक लूट की रकम की तलाश करता रहा। जैसे ही लुटेरे नकदी हाथ में लेकर भागने लगे, उन्होंने जाते-जाते फायरिंग कर दी, जिसमें गोली दुकान के काउंटर में जाकर लगी। घटना की सूचना मिलते ही पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस के खोखे और दुकान का बही-खाता जब्त कर लिया है।

पीड़ित कर्मचारियों द्वारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। इस घटना पर गोमिया के पूर्व विधायक लंबोदर महतो भी मौके पर पहुंचे और घटना की तीव्र निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

Share.
Exit mobile version