Ranchi News : सेंट्रल मुहर्रम कमिटी ने रांची में आपसी सौहार्द और प्रशासनिक सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुए मुहर्रम के जुलूस को लेकर सभी संबंधित अधिकारियों, विभागों और आम नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
कमिटी के सरपरस्त मो. सईद, अध्यक्ष जावेद गद्दी, महासचिव अकीलुर्रहमान, प्रवक्ता मो. इसलाम और उपाध्यक्ष आफताब आलम ने संयुक्त रूप से बयान जारी करते हुए कहा कि इस बार मुहर्रम का जुलूस शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसके लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, पुलिस महानिरीक्षक सह वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा समेत सभी पुलिस अधिकारियों, नगर निगम, बिजली विभाग, पीएचईडी और अन्य सभी संबंधित विभागों का विशेष धन्यवाद किया गया।
कमिटी ने भारी बारिश के बावजूद रांची की आम जनता के सहयोग की भी सराहना की और उनके प्रति आभार प्रकट किया। लोगों की सहभागिता और सहयोग से यह जुलूस शांति और भाईचारे का प्रतीक बनकर उभरा।
धवताल अखाड़ा और इमामबख्श अखाड़ा के प्रमुख खलीफा ने भी इस आयोजन के सफल संचालन पर सभी को धन्यवाद दिया और भविष्य में भी ऐसे ही सहयोग की अपेक्षा जताई। यह आयोजन ना सिर्फ धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण था, बल्कि इससे समाज में एकता, सहिष्णुता और प्रशासनिक संवेदनशीलता का भी परिचय मिला।



