Ranchi : समाहरणालय सभागार में मंगलवार को जिला सलाहकार समिति (PC & PNDT) की बैठक उपायुक्त सह अध्यक्ष मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, समिति सदस्यगण और PC & PNDT को-ऑर्डिनेटर राकेश कुमार राय उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अल्ट्रासाउंड सेंटरों के निबंधन और नवीकरण से संबंधित अभ्यावेदनों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। समिति ने 7 नए अल्ट्रासाउंड सेंटरों के निबंधन और 2 केंद्रों के नवीकरण को स्वीकृति प्रदान की। इसके साथ ही, संस्थानों को अल्ट्रासाउंड मशीनों के फॉर्म-B में एंट्री और चिकित्सकों की प्रमाणपत्र जांच के उपरांत ज्वाइनिंग की अनुमति दी गई।
समिति ने निर्देश दिया कि सभी पंजीकृत अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए और नियमों के उल्लंघन की स्थिति में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त श्री भजंत्री ने कहा कि PC & PNDT अधिनियम का उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम और समाज में लिंग संतुलन बनाए रखना है, इसलिए सभी संस्थान कानून के प्रावधानों का पालन करें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए तथा प्रत्येक केंद्र में अनिवार्य रजिस्टर और रिकॉर्ड का संधारण सुनिश्चित किया जाए।



