Ranchi News : रांची में 22 जुलाई 2025 से ओबीसी छात्र संघ झारखंड के बैनर तले राजभवन परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू हो चुका है। यह धरना संगठन के अध्यक्ष प्रकाश कुमार साहू की अगुवाई में दो मुख्य मांगों को लेकर किया जा रहा है झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षाओं में ओबीसी छात्रों को 5 वर्ष की उम्र सीमा में छूट दी जाए और सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में 27% आरक्षण लागू किया जाए।
इस आंदोलन को अब विभिन्न राजनीतिक दलों का भी समर्थन मिल रहा है। लोकहित अधिकार पार्टी के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष हरिनाथ साहू के निर्देश पर पार्टी के रांची जिला कार्यवाहक अध्यक्ष प्रमोद प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में दर्जनों पदाधिकारी व कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। पार्टी ने झंडा और बैनर के साथ प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए धरना स्थल पर पहुंच कर समर्थन जताया।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए प्रमोद प्रसाद गुप्ता ने कहा कि लोकहित अधिकार पार्टी सामाजिक न्याय की पक्षधर है और 2023 में पार्टी के गठन के बाद से ही देश में समान शिक्षा और चिकित्सा प्रणाली लागू करने, जातिगत जनगणना कराने और “जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी” के सिद्धांत पर लगातार आंदोलन करती रही है।
गुप्ता ने साफ चेतावनी दी कि यदि केंद्र और राज्य सरकारें ओबीसी छात्र संघ की दो सूत्रीय मांगें नहीं मानतीं, तो पार्टी एक बड़े स्तर पर उग्र आंदोलन छेड़ने को बाध्य होगी।
धरना स्थल पर पार्टी के कई प्रमुख नेता उपस्थित थे, जिनमें रांची महानगर अध्यक्ष कपिल साहू, उपाध्यक्ष और कांके विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मुकुल नायक, अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार गौतम, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के वरिष्ठ नेता बिंदेश्वर शाह, मोहम्मद जुल्फान अंसारी, नीतू ठाकुर, पंकज कश्यप, संजय लोहरा, नगड़ी प्रखंड अध्यक्ष प्रेमचंद साहू, रातू प्रखंड अध्यक्ष कुमार ब्रजराज और राहुल कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।



