अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
रांची : वसंत पंचमी के पावन अवसर पर राजधानी रांची में आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब श्री शिव बारात आयोजन महासमिति, पहाड़ी मंदिर एवं आर्यपुरी शिव पंच मंदिर हिमालय परिवार के संयुक्त तत्वावधान में पहाड़ी बाबा का भव्य तिलकोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। यह धार्मिक आयोजन गाजे-बाजे, ढोल-ताशों और जयकारों के बीच ऐतिहासिक रूप से मनाया गया।
तिलकोत्सव की शोभा यात्रा आर्यपुरी शिव पंच मंदिर से प्रारंभ होकर पहाड़ी मंदिर तक पहुंची। शोभा यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। श्रद्धालु सिर पर फल, फूल और मिठाइयों से सजी टोकरी लेकर बाबा के तिलक हेतु पहाड़ी मंदिर पहुंचे, जहां मंदिर के मुख्य द्वार पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार और सनातन विधि-विधान के अनुसार पहाड़ी बाबा का तिलक संपन्न कराया गया। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच भोग-प्रसाद का वितरण किया गया, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।
इस अवसर पर राजेश साहू, बादल सिंह, रिवाल्डो वर्मा, जय सिंह यादव, देवाशीष राय, रजनीश सिंह (भोलू), शुभाशीष चटर्जी, मीरा गुप्ता, राम सिंह, स्वप्ना चटर्जी, आनंद शाही, यशवंत सिन्हा और सुधांशु सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि तिलकोत्सव शोभा यात्रा को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं। पूरे मार्ग में सजावट, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल और प्रसाद की समुचित व्यवस्था की गई थी। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर से जुड़े पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में शिवभक्तों की सक्रिय भूमिका रही, जिससे यह आयोजन स्मरणीय बन गया।

