सावन माह की पावन शुरुआत के अवसर पर डुमरी प्रखंड स्थित ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा टांगीनाथ धाम में श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। इस अवसर पर टांगीनाथ धाम विकास समिति द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें बाबा टांगीनाथ को विधिवत जलाभिषेक कर सावन मास का शुभारंभ किया गया।
इस धार्मिक कार्यक्रम में डुमरी थाना प्रभारी श्री अनुज कुमार तथा डुमरी अंचल अधिकारी श्री रामप्रवेश कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ-साथ टांगीनाथ धाम विकास समिति के सदस्यगण भी कार्यक्रम में मौजूद थे। बाबा को जल अर्पण करने के पश्चात भक्तों ने दर्शन-पूजन कर अपने मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।
समिति द्वारा मंदिर परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया। अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों ने संयुक्त रूप से यह सुनिश्चित किया कि श्रावण मास के दौरान प्रतिदिन आने वाले कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर टांगीनाथ धाम का वातावरण भक्ति, शांति और उल्लास से ओत-प्रोत था। शिवभक्तों की भीड़ और बोल बम के जयकारों से सम्पूर्ण क्षेत्र गूंज उठा।



