Ranchi News : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से सोमवार को कांके रोड, रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राज्य के विभिन्न जिलों के वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर अधिकारियों ने मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों की स्थितियों और चुनौतियों से अवगत कराया।
इन अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबंधित जिलों में कानून-व्यवस्था की स्थिति, आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम, पुलिस की तैनाती और नई योजनाओं के कार्यान्वयन से जुड़ी जानकारियां दीं। मुख्यमंत्री ने इन मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए बेहतर पुलिसिंग और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर ज़ोर दिया।
उपायुक्तों ने विकास योजनाओं की प्रगति, जनकल्याण कार्यक्रमों की स्थिति, ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही योजनाओं की चुनौतियों और समाधान पर अपने विचार साझा किए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आम जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सजग और संवेदनशील बने रहने की सलाह दी।



