India News: ओडिशा के राउरकेला में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब राउरकेला से भुवनेश्वर जा रही एक 9-सीटर यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह विमान इंडिया वन एयर की बताई जा रही है, जिसमें कुल सात लोग सवार थे। इनमें छह यात्री और एक पायलट शामिल थे।
इस खबर को भी पढ़ें : टेकऑफ के मिनटों बाद UPS का विमान क्रैश! 7 की मौ’त, 11 घायल – क्या हुआ आसमान में?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह विमान नियमित घरेलू उड़ान पर राउरकेला एयरपोर्ट से रवाना हुआ था। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान में तकनीकी खराबी आने या संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है, जिसके कारण यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय विमान के गिरने से जोरदार आवाज हुई, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया और विमान में सवार यात्रियों तथा पायलट को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए गए। फिलहाल यात्रियों की स्थिति को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं। मामले की जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) द्वारा की जाएगी। जांच में तकनीकी खामी, मौसम की स्थिति और मानवीय त्रुटि जैसे सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।



