Jamshedpur : ऑल इंडिया मिल्ली काउंसिल, झारखंड की ओर से एक गंभीर शिकायत दर्ज कराई गई है जिसमें एक राष्ट्रीय अखबार के न्यूज़ पोर्टल पर मुस्लिम समुदाय को लेकर की गई आपत्तिजनक रिपोर्टिंग पर आपत्ति जताई गई है। इस संबंध में काउंसिल के प्रतिनिधि रेयाज शरीफ ने जमशेदपुर स्थित बिस्टुपुर साइबर थाना में आवेदन देकर संबंधित पोर्टल के संपादक भावानंद झा, रिपोर्टर मनमन पांडेय और अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

रेयाज शरीफ ने जानकारी दी कि उक्त पोर्टल ने एक मृत महिला से जुड़ी खबर में “मुस्लिम” और “कॉल गर्ल” जैसे शब्दों का जानबूझकर इस्तेमाल किया, जो न केवल महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि समस्त मुस्लिम समुदाय को भी अपमानित करने का प्रयास है। उनका कहना है कि इस प्रकार की भाषा समाज में धार्मिक विद्वेष फैलाने, स्त्री विरोधी मानसिकता को बढ़ावा देने और सांप्रदायिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने का कार्य करती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह रिपोर्टिंग संविधान की मूल भावना और पत्रकारिता की मर्यादाओं के विपरीत है। रिपोर्ट में शब्दों का चयन न केवल गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि यह सीधे तौर पर सामाजिक वैमनस्य को जन्म देने की मंशा को दर्शाता है।

रेयाज शरीफ ने साइबर थाना प्रभारी से आग्रह किया है कि ऐसी “गंदी और भ्रामक पत्रकारिता” करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ आईटी एक्ट सहित भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया को अपनी स्वतंत्रता का उपयोग जिम्मेदारी से करना चाहिए, न कि समाज में फूट डालने के औजार के रूप में।

ऑल इंडिया मिल्ली काउंसिल ने यह मामला केवल एक समुदाय की गरिमा का विषय नहीं बताया, बल्कि इसे पूरे समाज और लोकतंत्र के मूल्यों के लिए खतरा बताया है। ऐसे मामलों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया गया है।

Share.
Exit mobile version