अपनी भाषा चुनेें :
Ramgarh News : रामगढ़ जिले के नवनियुक्त DC फैज अक अहमद मुमताज ने पदभार ग्रहण करते ही जिले के विकास कार्यों की समीक्षा में सक्रियता दिखाई है। गुरुवार को पद संभालने के बाद उन्होंने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए। इस बैठक में शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग में उनकी प्राथमिकता साफ दिखी।
DC ने कहा प्रत्येक पंचायत में पुस्तकालय खोला जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी शिक्षा से सीधे जुड़ सकें। इसके लिए उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और अंचल अधिकारी (CO) को आवश्यक जमीन चिन्हित करने का निर्देश दिया। साथ ही, स्वास्थ्य के क्षेत्र में आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए ‘स्वास्थ्य मित्र’ तैयार करने की योजना पर भी काम शुरू करने के निर्देश दिए। इन स्वास्थ्य मित्रों को फर्स्ट एड किट, सीपीआर जैसी आवश्यक ट्रेनिंग दी जाएगी।
बैठक में DFO नीतीश कुमार, DDC रोबिन टोप्पो, AC गीतांजलि, सिविल सर्जन डॉ महालक्ष्मी प्रसाद और अन्य विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया। सभी ने DC को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
मनरेगा योजनाओं की समीक्षा करते हुए DC मुमताज ने ज्यादा से ज्यादा मानव दिवस सृजित करने और लाभुकों को समय पर रोजगार देने पर जोर दिया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि मनरेगा कार्यों में किसी प्रकार की डुप्लीकेसी न हो और लंबित योजनाएं शीघ्र पूर्ण हों। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मजदूरों को समय पर मानदेय का भुगतान हो।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान DC ने नीलाम पत्र वादों के शीघ्र निष्पादन को जरूरी बताया और इसकी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी SDO को सौंपी। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में उन्होंने खास तौर पर अस्पतालों में डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति को सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि मरीजों का इलाज तभी प्रभावी हो सकता है जब चिकित्सक समय पर अस्पताल में उपलब्ध हों।
फैज अक अहमद मुमताज ने स्पष्ट किया कि जिले की जनता को बेहतर प्रशासन देने के लिए वह समर्पित हैं और आने वाले समय में विकास योजनाओं में तेजी लाई जाएगी।



