गुमला / घाघरा: घाघरा प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रखंड कार्यालय परिसर में बने हनुमान मंदिर और शिव मंदिर में अज्ञात अपराधियों द्वारा की गई तोड़फोड़ की घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है। देर रात हुई इस वारदात में मंदिर परिसर में रखे गए धार्मिक सामानों को तोड़कर बिखेर दिया गया। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसकी तस्वीरें सामने आने के बाद लोगों का गुस्सा और भड़क उठा।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि पूर्व में भी असामाजिक गतिविधियों की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। आक्रोशित नागरिकों का कहना है कि गैरकानूनी गतिविधियों का विरोध करने पर उल्टे उनके खिलाफ कार्रवाई की धमकी दी गई, जिससे लोगों में रोष और बढ़ा।

घटना के विरोध में शहरवासियों ने घाघरा की मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम के चलते सैकड़ों वाहन घंटों फंसे रहे, वहीं दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने स्वतःस्फूर्त बंद रखकर विरोध दर्ज कराया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और पूरे बाजार क्षेत्र में सन्नाटा छा गया।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए दोषियों की शीघ्र पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है, जबकि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की बात कही जा रही है।

घाघरा से दीनदयाल राम की रिपोट 

Share.
Exit mobile version