उपायुक्त के निर्देश पर जिला प्रशासन ने अस्पताल का किया निरीक्षण

गुमला में शुक्रवार को उपायुक्त के निर्देश पर लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन जिला ग्रामीण विकास शाखा के पदाधिकारी विद्या भूषण ने सदर अस्पताल का साप्ताहिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रोगी वार्ड, किचेन, दवा वितरण कक्ष, इमरजेंसी, ओपीडी सहित अस्पताल के विभिन्न विभागों की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पदाधिकारी ने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की। रोगियों ने अस्पताल में दी जा रही सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया। सर्जिकल वार्ड में 32 और जनरल वार्ड में 119 मरीज भर्ती मिले। वहीं ओपीडी में दिन भर में 659 मरीजों का पंजीकरण हुआ और 13 आयुष्मान कार्ड जारी किए गए।

अस्पताल प्रबंधन ने निरीक्षण दल को बताया कि भर्ती और बाह्य रोगियों को उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप इलाज मुहैया कराया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को उच्च केंद्रों में रेफर भी किया जाता है।

किचेन निरीक्षण के दौरान आवश्यक सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। दवा वितरण कक्ष में 600 प्रकार की दवाएं उपलब्ध पाई गईं, लेकिन जन औषधि केंद्र बंद मिला, जिस पर पदाधिकारी ने नाराजगी जताई। कर्मचारी उपस्थिति पंजी की जांच में कुछ कर्मी अनुपस्थित पाए गए, जिसके लिए उपाधीक्षक को कारण पूछने का निर्देश दिया गया।

Share.
Exit mobile version