Lohardaga News: महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा परवीन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को नए समाहरणालय भवन पहुंचकर नव पदस्थापित उपायुक्त संदीप कुमार मीना से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधियों ने उपायुक्त को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और जिले से जुड़े विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया।मौके पर महिला जिलाध्यक्ष सीमा परवीन ने कहा कि महिला कांग्रेस सदैव जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रही है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि नए उपायुक्त के नेतृत्व में जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा आम जनता, विशेषकर महिलाओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, स्वरोजगार, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने की मांग रखी। उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है और महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़े हर पहल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
प्रतिनिधि मंडल में जिला उपाध्यक्ष बबीता देवी के अलावा प्रखंड अध्यक्ष पुनीता उरांव, नूरी खातून, शहजादी खातून, मुनी उरांव, सरिता खलखो, किस्मती देवी, मुनिया उरांव सहित अन्य महिला कार्यकर्ता मौजूद थीं।इसके पश्चात महिला प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी से भी मुलाकात कर उन्हें अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान प्रतिनिधियों ने प्रखंड अध्यक्ष पुनीता उरांव से जुड़ी समस्याओं को एसपी के समक्ष रखा। पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने सभी बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए आश्वस्त दिया कि संबंधित मामलों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। जिलाध्यक्ष सीमा परवीन ने एसपी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन और पुलिस का सकारात्मक सहयोग मिलने से आम लोगों में विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उठाए गए मुद्दों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई होगी और महिलाओं को न्याय मिलेगा।



