Jamshedpur news: शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और अहम सफलता मिली है। मंगलवार को पुलिस उपाधीक्षक पटमदा बचनदेव कुजूर ने जानकारी देते हुए बताया कि 4 मई 2026 की शाम वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा अस्पताल के सामने स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट कॉलोनी स्थित बजरंग बली मंदिर के पास कुछ लोग अवैध रूप से ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और उनके निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। योजना के तहत टीम रात करीब 8:05 बजे थाना से रवाना होकर बताए गए स्थल पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस बल को देखते ही वहां मौजूद संदिग्ध लोग भागने लगे, लेकिन त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक युवक को मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पकड़े गए युवक के काले पजामे की जेब से एक सफेद प्लास्टिक पाउच बरामद किया गया। पाउच खोलने पर उसमें 30 पुड़िया ब्राउन शुगर पाई गई। पुलिस ने मौके पर ही जांच कर इसकी पुष्टि की और विधिवत जब्ती सूची तैयार करते हुए कुल 2.51 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त कर लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान मो. हसन अंसारी (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मानगो थाना क्षेत्र के आजाद बस्ती, रोड नंबर-14 का निवासी है। उसके पिता का नाम मो. शमीम अंसारी बताया गया है। इस मामले में मानगो (उलीडीह) थाना कांड संख्या 103/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(a), 21(a) और 22(a) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर इस अवैध धंधे से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ब्राउन शुगर की आपूर्ति कहां से हो रही थी और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है या नहीं।
छापामारी दल में डीएसपी बचनदेव कुजूर के अलावा उलीडीह ओपी प्रभारी मो. शारीक अली, पु.अ.नि. विजय कुमार, विवेक पाल, स.अ.नि. नागवंत पासवान सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।



