Ranchi News : प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत किफायती आवास योजना (AHP) के तहत राँची नगर निगम क्षेत्र में बनाए गए Light House Project धुर्वा के लाभुकों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। निगम की ओर से यह स्पष्ट किया गया है कि इस योजना से जुड़े कुल 308 लाभुकों को अंतिम किस्त का भुगतान 2 जून 2025 तक करना था।

इस संबंध में राँची नगर निगम द्वारा पत्रांक संख्या 158, दिनांक 26 मई 2025 के तहत समाचार पत्रों में अंतिम सूचना प्रकाशित की गई थी। बावजूद इसके, कई लाभुकों द्वारा अभी तक अंतिम किस्त का भुगतान नहीं किया गया है। ऐसे में निगम ने लाभुकों और संबंधित बैंकों के अनुरोध को ध्यान में रखते हुए किस्त भुगतान की अंतिम तिथि अब 12 जून 2025 निर्धारित की है।

निगम ने साफ किया है कि लाभुक या तो डिमांड ड्राफ्ट (DD) के माध्यम से बकाया राशि जमा करें या बैंक लोन के माध्यम से पूरी किस्त का भुगतान करें। यह अंतिम मौका दिया गया है, और 12 जून 2025 के बाद कोई भी आवेदन या अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।

लाभुकों को सलाह दी गई है कि वे देरी न करें और निर्धारित तिथि से पहले ही आवश्यक भुगतान कर निगम कार्यालय को सूचित करें, ताकि उन्हें योजना का लाभ मिल सके। साथ ही, जो लाभुक इस विषय में अधिक जानकारी चाहते हैं, वे नगर निगम कार्यालय के 5वीं मंज़िल स्थित PMAY कोषांग से संपर्क कर सकते हैं।

नगर निगम का यह कदम सुनिश्चित करता है कि योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे और आवास निर्माण के कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो। ऐसे में लाभुकों से अपील की गई है कि वे गंभीरता से इस सूचना को लें और निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी प्रक्रिया पूरी करें।

Share.
Exit mobile version