Ranchi News : लगातार बारिश के चलते कोकर-रिम्स रोड की हालत बदतर हो गई है। अतिवृष्टि के कारण क्षतिग्रस्त हुए इस प्रमुख मार्ग की मरम्मत का कार्य 8 जुलाई से शुरू किया जाएगा। इस संबंध में थ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने रांची के कार्यपालक अभियंता को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

मौके की गंभीरता को देखते हुए प्रधान सचिव ने सोमवार को संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने का आदेश दिया। इसके बाद अभियंताओं ने सड़क का निरीक्षण किया और समस्या की वस्तुस्थिति से प्रधान सचिव को अवगत कराया।

अधिकारियों ने बताया कि तिरिल बस्ती के पास जलजमाव की वजह से सड़क बार-बार टूट रही है। इसके स्थायी समाधान के लिए वहां ह्यूम पाइप लगाया जाएगा, जिससे पानी जमा नहीं होगा। साथ ही, रांची नगर निगम से समन्वय कर नाले की सफाई का भी निर्देश दिया गया है, जिससे पानी का बहाव सुचारू हो सके।

इस बीच, साधु मैदान के पास मोड़ पर सड़क की अस्थायी मरम्मत सोमवार को ही कर दी गई है, ताकि फिलहाल आवागमन में कोई बाधा न हो। मंगलवार से शुरू होने वाले कार्य के लिए साइट पर निर्माण सामग्री भी पहुंचा दी गई है और सड़क को पीसीसी (Plain Cement Concrete) में तब्दील किया जाएगा। हालांकि, मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार बारिश कार्य में बाधा बन सकती है। इस दौरान मोराबादी-बोड़ेया रोड की भी मरम्मत कर ली गई है।

Share.
Exit mobile version