Khunti: तोरपा के रोड़ो बगीचा गांव में आज विकास की एक नई इबारत लिखी गई। सिंचाई की समस्या से जूझ रहे स्थानीय किसानों के चेहरों पर तब मुस्कान लौट आई, जब विधायक सुदीप गुड़िया ने विधिवत रूप से चेक डैम निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। लेकिन इस दौरान विधायक का अंदाज केवल शिलान्यास तक सीमित नहीं रहा; उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ग्रामीणों में एक नया जोश भर दिया।
इस खबर को भी पढ़ें : विधायक सुदीप गुड़िया और एनडीआरएफ की मुस्तैदी से टली दो मौ’तें
मंच से जनता को संबोधित करते हुए सुदीप गुड़िया ने बेहद भावुक और सख्त लहजे में कहा, “किसी भी हाल में अपनी जमीन मत बेचिएगा। अगर आपके पास जमीन नहीं रहेगी, तो आदिवासी-मूलवासी का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा।” उन्होंने ग्रामीणों को बिचौलियों और दलालों से सावधान रहने की नसीहत देते हुए कहा कि जमीन ही हमारी असली पहचान है। विधायक ने गांव की एकता की जमकर तारीफ की और कहा कि रोड़ो बगीचा में जात-पात से ऊपर उठकर जिस तरह ग्रामसभा काम कर रही है, वह पूरे क्षेत्र के लिए मिसाल है।
किसानों की खुशहाली का रोडमैप पेश करते हुए विधायक ने भरोसा दिलाया कि चेक डैम बनने के बाद खेती-किसानी की तस्वीर बदल जाएगी। उन्होंने गांव में पक्की सड़क बनाने के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं के लिए एंबुलेंस और शव वाहन की व्यवस्था करने का भी वादा किया। कार्यक्रम में झामुमो जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने भी ग्राम शासन की मजबूती पर जोर दिया। इस मौके पर रूबेन टोपनो, मोजीर अंसारी और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे, जिन्होंने इस पहल का जोरदार स्वागत किया।



