अपनी भाषा चुनेें :
Ranchi News : रांची में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए एक युवक को पकड़कर सबक सिखाने का काम किया। मामला कार्तिक उरांव फ्लाईओवर का है, जहां एक युवक हंटर उर्फ कासिफ बाइक पर खतरनाक स्टंट कर रहा था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने युवक को उसी फ्लाईओवर पर लाकर सार्वजनिक परेड करवाई, जहां उसने स्टंट किया था। इस कार्रवाई का उद्देश्य युवाओं को ट्रैफिक नियमों का पालन करने और स्टंट जैसी खतरनाक हरकतों से दूर रहने का संदेश देना था।
इस पूरे अभियान की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा की गई। मौके पर कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय, सदर डीएसपी संजीव बेसरा, यातायात डीएसपी प्रमोद केशरी, चुटिया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर लक्ष्मीकांत और कोतवाली ट्रैफिक इंस्पेक्टर मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह की हरकतें न सिर्फ कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि आम लोगों की जान को भी खतरे में डालती हैं। स्टंट करते समय युवक ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था, जिससे हादसे की संभावना और बढ़ जाती है।
पुलिस ने बताया कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अब इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी। फ्लाईओवर और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है, ताकि भविष्य में कोई भी युवक ऐसा दुस्साहस न कर सके।
यातायात डीएसपी प्रमोद केशरी ने कहा कि लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें और उन्हें सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के लिए प्रेरित करें। फ्लाईओवर पर की गई यह सार्वजनिक परेड पुलिस का एक प्रतीकात्मक कदम था, जो यह संदेश देता है कि कानून तोड़ने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा।



