New Delhi News : नई दिल्ली स्थित झारखंड भवन में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने विश्व बैंक के भारत स्थित कंट्री निदेशक ऑगस्टे तानो कौमे सहित एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। यह बैठक झारखंड के आर्थिक विकास, गरीबी उन्मूलन और निवेश की संभावनाओं को लेकर बेहद अहम मानी जा रही है।
बैठक के दौरान श्री कौमे ने राज्य सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की सराहना की और इसे झारखंड में गरीबी उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस योजना के तहत सरकार राज्य के अंतिम व्यक्ति तक आर्थिक और सामाजिक विकास का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखती है।
विश्व बैंक की टीम ने भारत में उनके द्वारा समर्थित विभिन्न परियोजनाओं के अनुभव साझा किए। उन्होंने झारखंड सरकार को विकास योजनाओं के बेहतर डिज़ाइन और क्रियान्वयन में सहयोग करने का आश्वासन दिया, जिससे राज्य के नागरिकों को सीधा लाभ मिल सके।
इस बैठक में दोनों पक्षों के बीच रांची में जल्द ही एक संयुक्त चर्चा और कार्यशाला आयोजित करने पर सहमति बनी। इस कार्यशाला का उद्देश्य झारखंड में निवेश, ग्रामीण विकास और गरीबी उन्मूलन के लिए ठोस रणनीतियां तैयार करना होगा।
बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व बैंक जैसे वैश्विक संस्थानों का सहयोग राज्य के आर्थिक विकास के लिए बेहद अहम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यह साझेदारी झारखंड के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।



