Ranchi : झारखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने घोषणा की है कि रांची में जल्द ही 2200 बेड का विश्व-स्तरीय किडनी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल स्थापित किया जाएगा। शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए मंत्री ने कहा कि यह झारखंडवासियों के आशीर्वाद और उनके निरंतर प्रयासों का परिणाम है, जिससे राज्य स्वास्थ्य सेवाओं में एक नई क्रांति की ओर बढ़ रहा है।
यह अस्पताल अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिसमें किडनी प्रत्यारोपण और अन्य सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध होंगी। डॉ. अंसारी ने विश्वास जताया कि यह अस्पताल न केवल झारखंड बल्कि पूरे पूर्वी भारत के मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा।
उन्होंने बताया कि सरकार पहले से ही ‘मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना’ के तहत किडनी, लीवर और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में 15 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद दे रही है। इसके अलावा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर हेमोडायलिसिस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। अब किडनी ट्रांसप्लांट की शुरुआत राज्य में होने से मरीजों को दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर डॉ. अंसारी के पुराने मित्र और ऑस्टिन हॉस्पिटल एंड सर्विस (ऑस्ट्रेलिया) के सीईओ आंद्रेई कोल्मोगोरोव ने उनसे मुलाकात की और बड़े पैमाने पर निवेश की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य झारखंड को हेल्थकेयर का हब बनाना है और स्वास्थ्य सेवाओं को राजनीति से दूर रखना बेहद जरूरी है।



