Jharkhand News: झारखंड की जानी-मानी हॉकी कोच प्रतिमा बरवा का निधन हो गया है, जिससे राज्य के खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। शुक्रवार को उन्हें अचानक पैरालिसिस अटैक आया, जिसके बाद उन्हें रांची स्थित पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी और उन्हें आईसीयू में रखा गया था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।
प्रतिमा बरवा ने झारखंड में महिला हॉकी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके प्रशिक्षण में कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रौशन किया है। उनकी मौत की खबर मिलते ही खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई और कई खिलाड़ियों, कोचों व खेल प्रेमियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।



