अपनी भाषा चुनेें :
Ranchi News : झारखंड उच्च न्यायालय को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान ने राजभवन में आयोजित एक गरिमामय समारोह में मुख्य न्यायाधीश (Chief Justice) के पद की शपथ ग्रहण की। उन्हें यह शपथ झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने दिलाई।
इस विशेष अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन भी मौजूद रहे। उन्होंने न्यायमूर्ति चौहान को मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति पर हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि न्यायमूर्ति चौहान के नेतृत्व में झारखंड उच्च न्यायालय न्यायिक व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और न्याय तक तेज़ पहुंच के लिए नए आयाम स्थापित करेगा।
शपथग्रहण समारोह में राज्य सरकार के मंत्रीगण, विधायकगण और अन्य गणमान्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का माहौल सम्मान और गरिमा से परिपूर्ण रहा, जो न्यायपालिका की मजबूती और संविधान के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।



