Ranchi : झारखंड के निर्वाचन कार्यों को और अधिक सशक्त और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य के बीएलओ, वालेंटियर और बूथ अवेयरनेस ग्रुप (BAG) के सदस्यों को नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (IIIDEM) में दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह कार्यशाला 19 और 20 मई को आयोजित की जा रही है, जिसमें झारखंड से कुल 402 सदस्य भाग लेंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने जानकारी दी कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य के चुनावी कार्यों से जुड़े विभिन्न स्टेकहोल्डर्स की क्षमता वृद्धि करना है। उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों के आवागमन, आवासन एवं भोजन की पूरी व्यवस्था की गई है। साथ ही, उनके साथ लाइजनिंग ऑफिसर भी जाएंगे जो समन्वय का कार्य देखेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि कार्यशाला के पहले दिन, 19 मई को योग सत्र, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ संवाद, रोल प्ले, राष्ट्रीय प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण और स्टेकहोल्डर्स का अनुभव साझा करने जैसे कार्यक्रम होंगे। दूसरे दिन यानी 20 मई को प्रतिभागियों को दिल्ली के प्रमुख संस्थानों का भ्रमण कराया जाएगा, जिसके लिए कुल 9 बसों की व्यवस्था की गई है।
कार्यशाला के समापन पर सभी प्रतिभागियों को IIIDEM की ओर से प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। साथ ही, झारखंड के निर्वाचन से जुड़े स्टेकहोल्डर्स द्वारा किए गए कार्यों को भी कार्यशाला में अनुभव साझा (Experience Sharing) के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इसका डॉक्यूमेंटेशन किया जाएगा, ताकि अन्य राज्यों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में इसका उपयोग किया जा सके।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी बताया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने हाल ही में झारखंड भ्रमण के दौरान यहां के बीएलओ और वालेंटियर के कार्यों की सराहना की थी। इस पहल को एक आदर्श उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करने के लिए ही IIIDEM कार्यशाला में इन्हें शामिल किया जा रहा है। बैठक में पलामू के उपायुक्त शशि रंजन, धनबाद की उपायुक्त माधवी मिश्रा, सभी उप निर्वाचन पदाधिकारी और कार्यशाला में भाग लेने वाले प्रतिभागी भी शामिल हुए।



