Hazaribagh : उप विकास आयुक्त (डीडीसी इश्तियाक अहमद) की अध्यक्षता में बुधवार को ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में मनरेगा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, अम्बेडकर आवास योजना, अबुआ आवास योजना, बिरसा कूप संवर्धन योजना, डोभा निर्माण, आंगनबाड़ी योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना और जेएसएलपीएस के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान डीडीसी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को सप्ताह में कम से कम दो दिन क्षेत्र भ्रमण कर कार्यों का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मनरेगा योजना के कार्यों में जेसीबी मशीन का उपयोग किसी भी स्थिति में नहीं किया जाए, ऐसा पाए जाने पर संबंधितों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

डीडीसी ने पदमा प्रखंड में योजनाओं की धीमी प्रगति पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही बीपीओ और रोजगार सेवकों को भी नियमित क्षेत्र भ्रमण कर कार्यों की निगरानी करने का निर्देश दिया।

उन्होंने पंचायत स्तर पर पिछड़े पंचायतों को चिन्हित कर उनकी प्रगति तेज करने पर बल दिया। इसके अलावा जेएसएलपीएस, स्वच्छ भारत मिशन, दीदीबाड़ी योजना, बिरसा कूप सिंचाई योजना जैसे कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने को कहा। बैठक में प्रशिक्षु आईएएस, डीआरडीए निदेशक, डीपीआरओ, बीडीओ, बीपीओ, बीपीएम सहित विभिन्न योजनाओं के समन्वयक एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Share.
Exit mobile version