Jharkhand News: टाटा स्टील के गोलमुरी स्थित आवासीय परिसर GFH-1 फ्लैट में शनिवार देर रात धार्मिक सभा की आड़ में धर्मांतरण की कथित कोशिश ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। जानकारी के अनुसार, फ्लैट में एक प्रार्थना सभा चल रही थी, जिसमें करीब 70 लोग शामिल थे। अधिकतर लोग ईसाई समुदाय से जुड़े बताए जा रहे हैं। आरोप है कि सभा के जरिए स्थानीय लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था।
स्थानीय लोगों को इस गतिविधि पर पहले से ही शक था। उनका कहना है कि बीते कुछ दिनों से फ्लैट में लगातार धार्मिक सभाएं हो रही थीं और कुछ महिलाएं आसपास के मोहल्लों में जाकर लोगों को यह समझा रही थीं कि ईसाई धर्म अपनाने से जीवन की परेशानियां दूर हो जाएंगी और शांति की प्राप्ति होगी। संदेह होने पर लोगों ने गोलमुरी थाना को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गोलमुरी पुलिस के साथ डीएसपी स्तर के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि कई को हिरासत में लिया गया। फिलहाल पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि रविवार को एक और बड़ी सभा आयोजित होने वाली थी, जिसके लिए बाहर से भी लोगों को बुलाया गया था।
जांच में चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई कि जिस फ्लैट में यह आयोजन हो रहा था, उसे शादी समारोह के नाम पर बुक किया गया था। बुकिंग के वक्त बताया गया था कि तीन क्वार्टर विवाह कार्यक्रम के लिए चाहिए, लेकिन मौके पर किसी भी तरह की शादी या वैवाहिक रस्मों के निशान नहीं मिले। इसके उलट वहां सिर्फ प्रार्थना, धार्मिक पुस्तकें और भोजन की व्यवस्था पाई गई।
हिरासत में लिए गए कुछ लोगों ने पुलिस को बताया कि वे अलग-अलग समुदायों से आते हैं और जीवन की कठिनाइयों से परेशान होकर वहां पहुंचे थे। उनके अनुसार, आयोजन में केवल बाइबल के बारे में बताया गया और मानसिक शांति देने की बातें की गईं। वहां उन्हें भोजन कराया गया और किसी तरह का जबरन धर्म परिवर्तन नहीं किया गया।
हालांकि पुलिस इस तर्क से संतुष्ट नहीं दिख रही है। गोलमुरी थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी स्तर पर जांच चल रही है और अन्य जिलों से आए लोगों के पहचान पत्र, नाम और मकसद की जांच की जा रही है। अगर जांच में धर्मांतरण की गतिविधियां प्रमाणित होती हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरी घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है। हालांकि पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में रखा। रविवार को प्रस्तावित सभा को लेकर भी प्रशासन अलर्ट है। फ्लैट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा रही है।
स्थानीय लोगों की मानें तो यह पहली बार नहीं है जब इस प्रकार की गतिविधि यहां देखी गई हो। अब पुलिस पूरे नेटवर्क और आयोजकों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है। आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं।



