Jharkhand News: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के आजादनगर में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात हुई, जिसमें बदमाशों ने 36 वर्षीय जोहर अली पर जानलेवा हमला किया। जानकारी के मुताबिक, जोहर अली अपनी तीन भतीजियों के साथ आशियाना अपार्टमेंट से लौट रहे थे। रात में करीब मदीना मस्जिद के पास उनकी थार गाड़ी को सामने से आ रही बिना नंबर प्लेट वाली ब्रेजा कार ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद ब्रेजा कार में सवार युवकों ने जोहर अली से धक्का-मुक्की की और धमकाते हुए उनके घर तक पीछा किया। रोड नंबर 7 स्थित मदीना मस्जिद के पास हमलावरों ने पत्थर मारकर उनकी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। इतना ही नहीं, बदमाशों ने पिस्टल लहराकर उन्हें डराने और जान से मारने की धमकी भी दी।
इस अचानक हुए हमले से जोहर अली और उनका परिवार गहरे सदमे में है। उन्होंने मानगो थाना पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपितों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही, इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में इस तरह की वारदातें बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



