India News: राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ में इन दिनों लगातार बम विस्फोट की धमकी मिलने से वकीलों, न्यायिक कर्मियों और पक्षकारों के बीच खौफ का माहौल पैदा हो गया है। इस सप्ताह की शुरुआत से रोजाना ऐसी धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद मंगलवार को भी हाईकोर्ट प्रशासन को सुनवाई करीब एक घंटे तक रोकनी पड़ी

धमकी मिलने के तुरंत बाद, हाईकोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर, वकीलों और पक्षकारों समेत अन्य सभी को मुख्य परिसर से बाहर कर तलाशी ली गई।

हर बार खाली कराया जाता है कोर्ट परिसर

हाईकोर्ट चौकी प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि बम की सूचना पर पुलिस के बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने पूरे हाईकोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की गहन जांच की। एहतियात के तौर पर फायर बिग्रेड और एंबुलेंस भी तैनात की गई।

यह सिलसिला 31 अक्टूबर को पहली धमकी मिलने के बाद शुरू हुआ था। इसके बाद 5 दिसंबर को दूसरी धमकी मिली और अब 8 दिसंबर से रोजाना हाईकोर्ट प्रशासन को धमकी भरे मेल मिल रहे हैं। मुकदमों की सुनवाई बीच में बंद कर दी जाती है और कोर्ट परिसर खाली कराया जाता है, जिससे न्यायिक कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

साजिश की आशंका

हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर के पूर्व अध्यक्ष प्रहलाद शर्मा ने इस मुद्दे को अत्यंत गंभीर बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि “रोजाना कौन धमकी दे रहा है?”

शर्मा का कहना है कि जांच एजेंसी को तत्काल पता लगाना चाहिए कि इसके पीछे किसी खास मुकदमे की सुनवाई टालना है या फिर रोजाना धमकी देकर प्रशासन को उदासीन कर बाद में बड़ी घटना को अंजाम देने की कोई साजिश है।

धमकी को देखते हुए, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने होने वाले चुनाव के लिए प्रशासन से अतिरिक्त सुरक्षा बल की मांग की है। सेशन कोर्ट को भी दो बार बम विस्फोट की धमकी मिल चुकी है। यह साफ है कि जब तक धमकी देने वाले की मंशा और पहचान उजागर नहीं होती, तब तक यह भय का माहौल बना रहेगा।

Share.
Exit mobile version